Wednesday, May 27, 2026

मेधा का सम्मान या सियासत का 'फोटो-ऑप': कहाँ खो जाते हैं हमारे टॉपर?

*मेधा का सम्मान या सियासत का 'फोटो-ऑप': कहाँ खो जाते हैं हमारे टॉपर?*

*आलेख: खेमेश्वर पुरी गोस्वामी*
मुंगेली, छत्तीसगढ़ 


भारत के ग्रामीण अंचलों और मध्यमवर्गीय गलियों से जब कोई बच्चा बोर्ड परीक्षाओं या प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रदेश की मेरिट लिस्ट में स्थान बनाता है, तो वह केवल एक परिवार की सफलता नहीं होती। वह उस पूरे परिवेश की उम्मीदों का सूरज होता है। लेकिन विडंबना देखिए, जिस दिन परिणाम आता है, नेताओं और जन प्रतिनिधियों का तांता उस 'होनहार' के दरवाजे पर लग जाता है। मालाएं पहनाई जाती हैं, मिठाई के डिब्बे खुलते हैं और कैमरों की फ्लैश के बीच बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं।
किंतु, जैसे ही अखबार की सुर्खियां पुरानी पड़ती हैं और सोशल मीडिया की 'रील्स' बदलती हैं, वे वादे और वे नेता दोनों नदारद हो जाते हैं। पीछे छूट जाता है वह मेधावी छात्र, जो अपनी फटी जेब और बड़े सपनों के बीच फिर से अकेला खड़ा होता है।

राजनीतिक गलियारों में 'टॉपर' को एक उत्पाद की तरह इस्तेमाल करने की होड़ मची है। नेता अपनी 'इंसानियत' दिखाने के लिए फोटो तो खिंचवा लेते हैं, लेकिन छात्र की "सतत शैक्षणिक यात्रा" की जिम्मेदारी लेने से बचते हैं।शोध बताते हैं कि भारत में उच्च शिक्षा का खर्च पिछले एक दशक में तेजी से बढ़ा है। एक गरीब मेधावी बच्चा स्कूल तो टॉप कर लेता है, लेकिन मेडिकल, इंजीनियरिंग या शोध , रिसर्च जैसे क्षेत्रों की महंगी फीस उसके भविष्य की दीवार बन जाती है।

इतिहास ऐसे उदाहरणों से भरा पड़ा है जहाँ व्यवस्था की बेरुखी ने प्रतिभाओं का गला घोंटा है। जैसे बिहार के एक जिले के 'स्टेट टॉपर' की कहानी पिछले दिनों चर्चा में रही, जो आर्थिक तंगी के कारण आगे की पढ़ाई छोड़कर मनरेगा में मजदूरी करने पर मजबूर हुआ। उत्तर प्रदेश के एक मेधावी छात्र, जिसने गणित में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे, आज एक ढाबे पर बर्तन धोने को विवश है क्योंकि उसके पास स्नातक की फीस भरने के लिए पैसे नहीं थे।
ये केवल दो नाम नहीं हैं, बल्कि उस तंत्र की विफलता के स्मारक हैं जो 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' या 'पढ़ेगा इंडिया तभी बढ़ेगा इंडिया' जैसे नारों के बीच अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है।

सवाल यह है कि क्या केवल एक बार का सम्मान और कुछ हजार रुपयों का चेक किसी छात्र के 'करियर' की गारंटी हो सकता है? कतई नहीं।
 सरकारें 'स्कॉलरशिप' की घोषणा तो करती हैं, लेकिन उसकी जटिल प्रक्रिया और भ्रष्टाचार छात्र तक मदद पहुँचने ही नहीं देता। शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी जब नौकरी की बारी आती है, तो सिफारिश और रसूख की राजनीति फिर आड़े आ जाती है।
जन प्रतिनिधियों के लिए ये बच्चे केवल 'वोट बैंक' को लुभाने के साधन बन गए हैं। यदि वे वास्तव में गंभीर होते, तो हर जिले में एक 'एजुकेशन टाॅपर्स फंड' होता जो केवल ऐसे वंचित मेधावियों के लिए आरक्षित रहता।

राजनीति को अपनी चमक बढ़ाने के लिए मासूम सपनों का इस्तेमाल बंद करना होगा। यदि कोई नेता किसी टॉपर के साथ फोटो खिंचवाता है, तो जनता को उससे यह पूछने का हक होना चाहिए कि उस छात्र की डिग्री पूरी होने तक का आर्थिक खाका क्या है?

मेहनत गरीब के बच्चे की होती है, पसीना उसका परिवार बहाता है, और श्रेय की मलाई राजनीति काटती है—यह खेल अब बंद होना चाहिए। प्रतिभाओं को केवल 'सम्मान' नहीं, 'संसाधन' चाहिए। विज्ञापन वाली राजनीति से इतर, जब तक हम इन बच्चों के भविष्य की 'हैंडहोल्डिंग' नहीं करेंगे, तब तक देश की मेधा इसी तरह मजदूरी की भेंट चढ़ती रहेगी।

*समय आ गया है कि नेतागिरी 'फोटोग्राफी' से निकलकर 'परोपकार' और 'नीति-निर्माण' के धरातल पर उतरे। क्योंकि एक मेधावी का टूटना, केवल एक छात्र की हार नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की बौद्धिक संपदा की हत्या है।*

डिजिटल चकाचौंध का मायाजाल और वास्तविकता की अनदेखी

डिजिटल चकाचौंध का मायाजाल और वास्तविकता की अनदेखी

लेखक: खेमेश्वर पुरी गोस्वामी 

आज के दौर में यदि आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं, तो अक्सर आपके मन में एक ही सवाल कौंधता होगा—क्या पूरी दुनिया रातों-रात अमीर हो गई है? इंस्टाग्राम की 'रील' और 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) की फीड को स्क्रॉल करते ही हमें ऐसे युवा 'एंटरप्रेन्योर' और 'मेंटॉर' नजर आते हैं, जो अपनी उम्र से कहीं ज्यादा का अनुभव और सफलता का दावा करते हैं। लेकिन, स्क्रीन पर चमकती यह तस्वीर क्या वाकई वास्तविक है? या फिर यह एक ऐसा डिजिटल मायाजाल है, जिसमें उलझकर आज की युवा पीढ़ी अपना मानसिक सुकून खो रही है?

सोशल मीडिया की दुनिया में 'दिखावा' ही आज की सबसे बड़ी मुद्रा (करेंसी) बन गई है। रील बनाने के लिए लक्जरी गाड़ियों को किराए पर लेना, आईफोन ईएमआई पर खरीदना और किसी महंगे कैफे में महज एक कॉफी के सहारे घंटों रील शूट करना अब एक सामान्य चलन बन चुका है। यह 'फेक इट टिल यू मेक इट' (जब तक सफल न हो जाओ, तब तक सफलता का नाटक करो) वाली मानसिकता का ही विस्तार है। दुखद यह है कि इस दिखावे के पीछे अक्सर भारी कर्ज और मानसिक तनाव छिपा होता है।


आज इंटरनेट 'ज्ञान' की सबसे बड़ी दुकान बन चुका है। हैरानी की बात यह है कि जो लोग खुद अनुशासन के नाम पर शून्य हैं, वे सोशल मीडिया पर '5 AM Club' और उत्पादकता (प्रोडक्टिविटी) के सूत्र सिखा रहे हैं। बिना किसी जमीनी अनुभव के, चंद दिनों के 'मोटिवेशनल कोट्स' पढ़कर 'लाइफ कोच' बनने का यह धंधा युवाओं को गुमराह कर रहा है। इंटरनेट पर परोसा जा रहा यह सस्ता मोटिवेशन, वास्तविकता से कोसों दूर एक काल्पनिक दुनिया रच रहा है।


सोशल मीडिया पर दिखने वाली 'परफेक्ट' लाइफ, परफेक्ट कपल्स और परफेक्ट रिश्तों के पीछे का सच अक्सर बेहद कड़वा होता है। लाइक्स और व्यूज की भूख में लोग अपनी निजता, प्राइवेसी और मानवीय संबंधों की पवित्रता को दांव पर लगा रहे हैं। कैमरा बंद होते ही जो रिश्ते बिखरने लगते हैं, वे कैमरे के सामने 'मेड फॉर ईच अदर' का मुखौटा पहनकर सोशल मीडिया पर वाहवाही लूट रहे हैं। यह स्थिति समाज में एक ऐसे 'कृत्रिम व्यवहार' को जन्म दे रही है, जहाँ लोग अपनी वास्तविकता को स्वीकार करने में शर्मिंदगी महसूस करने लगे हैं।

इस पूरी कवायद का सबसे भयावह पहलू यह है कि इसका शिकार एक सामान्य मध्यमवर्गीय युवा हो रहा है। दिन के 10-12 घंटे मेहनत करने वाला एक ईमानदार युवक जब अपनी स्क्रीन पर दूसरों की 'सजावटी सफलता' देखता है, तो वह अनजाने में खुद को कमतर समझने लगता है। यही हीन भावना धीरे-धीरे अवसाद (डिप्रेशन) का रूप ले लेती है। उसे लगने लगता है कि वह जिंदगी की दौड़ में पीछे छूट गया है, जबकि वह यह भूल जाता है कि उसने जो देखा, वह केवल एक 'एडिटेड' और 'फिल्टर्ड' वर्जन था, न कि पूरी सच्चाई।

डिजिटल दुनिया के इस दौर में हमें यह समझने की आवश्यकता है कि सोशल मीडिया पर जो कुछ भी दिख रहा है, वह जीवन का केवल एक छोटा सा हिस्सा हो सकता है, अक्सर वह हिस्सा जो बहुत अधिक 'मैनीपुलेटेड' होता है। वास्तविक सफलता का पैमाना ईएमआई पर खरीदी गई गाड़ियां या रील के व्यूज नहीं हैं, बल्कि वास्तविक जीवन में हमारा काम, हमारा अनुशासन और हमारे अपनों के साथ हमारे रिश्ते हैं।
युवाओं को यह समझना होगा कि 'दिखावे की दौड़' में शामिल होने से बेहतर है 'स्वयं की उन्नति' पर ध्यान देना। रील के शोर में अपनी 'रीयल' दुनिया की शांति को खोना समझदारी नहीं है। अंततः, सफलता कोई ओवरनाइट शॉट नहीं, बल्कि धैर्य और निरंतरता की लंबी तपस्या है, जिसे रील्स के जरिए नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत से अर्जित किया जाता है।

परीक्षाओं का 'महाकुंभ' और भविष्य का 'मृगतृष्णा'

परीक्षाओं का 'महाकुंभ' और भविष्य का 'मृगतृष्णा'


आलेख : खेमेश्वर पुरी गोस्वामी 
मुंगेली,छत्तीसगढ़ 8120032834


भारतीय युवा की नियति अब एक अजीबोगरीब चक्रव्यूह में फँस गई है। यदि महाभारत में अर्जुन के पास लक्ष्य भेदने का कौशल था, तो आज के युवा के पास केवल 'प्रवेश पत्र' है—एक ऐसा कागज, जो इस बात की गारंटी तो नहीं देता कि परीक्षा होगी, लेकिन इस बात का पक्का सबूत जरूर देता है कि वह फिर से छले जाने वाला है।
पिछले कुछ समय से देश में परीक्षाओं के आयोजन का अर्थ 'मेधा की परख' नहीं, बल्कि 'धैर्य की परीक्षा' रह गया है। NEET जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा से लेकर SSC GD जैसी सरकारी नौकरियों की सीढ़ियों तक, पेपर लीक का जो दौर चला है, उसने एक नया 'नेशनल रिकॉर्ड' बना दिया है। ऐसा प्रतीत होता है कि अब सरकार की प्राथमिकता रोजगार सृजन नहीं, बल्कि 'परीक्षा प्रबंधन' है। पहले परीक्षा का आयोजन होता है, फिर प्रश्नपत्र बाजार में 'नीलामी' के लिए उपलब्ध होता है, और अंत में सरकार 'पवित्रता' बनाए रखने के नाम पर परीक्षा रद्द कर देती है।
यह एक ऐसा 'रद्द-चक्र' है, जहाँ युवा अपनी ऊर्जा, पैसा और जवानी झोंक देते हैं, और बदले में उन्हें मिलता है—फिर से आवेदन करने का 'सुनहरा अवसर'।
विडंबना देखिए, जिस उम्र में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए, वे सड़कों पर उतरकर 'न्याय' की मांग कर रहे हैं। सरकार के गलियारों में इसे 'अव्यवस्था' नहीं, शायद 'प्रशासनिक सतर्कता' कहा जाता होगा। जब पेपर लीक होता है, तो सिस्टम अपनी पीठ थपथपाता है कि "हमने समय रहते इसे पकड़ लिया"। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे कोई डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर में मरीज को मारने के बाद कहे कि "सर्जरी तो सफल रही, बस मरीज मर गया।"
सरकारी आंकड़ों में रिक्तियों की संख्या जितनी तेजी से नहीं बढ़ती, उससे कहीं अधिक तेजी से 'रद्द की गई परीक्षाओं' की सूची लंबी हो रही है। ऐसा लगता है कि अब 'परीक्षा रद्द करना' ही सबसे बड़ा रोजगार बन गया है। इसमें पूरी मशीनरी व्यस्त है—प्रश्नपत्र बनाने से लेकर, उसे लीक करने, फिर रद्द करने और अंत में दोबारा परीक्षा की तारीख तय करने तक।
क्या यह देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं है? जब शिक्षा और रोजगार की प्रक्रिया ही 'अविश्वसनीयता' के बोझ तले दब जाए, तो राष्ट्र की प्रगति का पहिया भला कैसे घूमेगा? युवाओं के आक्रोश को केवल 'सड़कों पर प्रदर्शन' मानकर खारिज कर देना सरकार की बड़ी भूल होगी। उन्हें सड़कों पर उतरना नहीं, बल्कि पुस्तकालयों में बैठकर अपनी मेधा निखारनी चाहिए थी। लेकिन आज का तंत्र उन्हें 'छात्र' से 'प्रदर्शनकारी' बनने पर मजबूर कर रहा है।
समय आ गया है कि सरकार इस 'लीक संस्कृति' के रसूखदारों पर लगाम कसे। परीक्षा की शुचिता केवल कागजों पर या मंत्रियों के बयानों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखनी चाहिए। यदि तंत्र अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सका, तो आने वाला इतिहास इस दौर को 'सुनहरा काल' नहीं, बल्कि 'डिग्री-धारियों की बेरोजगारी और भविष्य के अपहरण का काल' कहकर याद रखेगा।
युवाओं का धैर्य अब उस कगार पर है जहाँ से आक्रोश की ज्वाला निकलती है। सरकार को यह समझना होगा कि एक पीढ़ी का भविष्य 'रद्द' करके, किसी भी राष्ट्र की नियति कभी 'पास' नहीं की जा सकती।

Sunday, February 22, 2026

सरस्वती वंदना

॥ भगवती सरस्वती वंदना ॥
श्वेत पदमासना माँ, ज्ञान की प्रकाश पुंज,
वीणा कर सोहै शुभ, रागिनी रसाल है।
हंस की सवारी साजे, मंद-मंद मुसक्याँहि,
वाणी की विधात्री मात, रूप विमलाल है॥
अंग आभा कुंद जैसी, शरद् मयंक मुख,
विद्या की प्रदात्री तू ही, काटती जंजाल है।
वेद औ’ पुराण गावें, महिमा अपार तेरी,
जड़ता विनाशिनी माँ, मति की मशाल है॥
ब्रह्म-मुख-वासिनी जो, सुरों की है प्राण-शक्ति,
शब्द-ब्रह्म रूप धरे, मेटती कु-चाल है।
मुनि-जन ध्यावें तोहे, शारदे कृपालु मात,
भक्तन के हेत सदा, रहती दयाल है॥
पंकज समान कर, पुस्तक विराजै सोहै,
अक्षर की जननी माँ, तू ही आदि-काल है।
'शून्य' को विस्तार देवे, बुद्धि की प्रदाता देवि,
तव शरण आए ताहि, होत निहाल है॥

-------------------------------------------------
॥ शारदा स्तुति ॥
कुंद इंदु सम देह, श्वेत धारैं परिधान,
वीणा की झंकार माहिं, अमृत की धार है।
हंस पै विराजैं मातु, मन्द मुसकानि मन्द,
कंठ की मधुरता में, बसत संसार है॥
शुभ्र कर सोहैं जप-माला औ’ किताब नीकी,
अज्ञान की कालिमा को, करती संहार है।
अक्षर के दीप बारि, चित्त को उजास देति,
बुद्धि की अधिष्ठात्री, तू ही आधार है॥
राग रागिनी की सृष्टि, ताल छंद लय माहिं,
शब्द के श्रृंगार में, तिहारो उपकार है।
वाक-शक्ति दैके माँ, मौन को भी मुखर कीन्हों,
जाके शीश हाथ धरौ, बेड़ा वही पार है॥
शारदे भवानी तोहिं, शीश निवावौं बार-बार,
भक्तन की विनती ये, सुनौ माँ पुकार है।
ज्ञान के प्रकाश सों, हरो तुम मोह-तम,
मेटौ सब जड़ता को, विनती हमार है॥

_________________________________

॥ कवि मंच वंदना: सरस्वती आह्वान ॥
शब्द के श्रृंगार सों, सजाऊँ माँ की आरती मैं,
कंठ में विराजिए, जो धारती सँवार है।
अक्षर के अर्क सों, मिटाइये अमावस को,
ज्ञान के प्रकाश को, मनावौं त्यौहार है॥
जड़ता की बेड़ियाँ, तड़ा-तड़ टूटि जावें,
वाणी में पियूष धार, बहैं अपरम्पार है।
कलम को धार दैके, सत्य को पुकार देहु,
काव्य के निकुंज में, तिहारो जय-जयकार है॥
तर्क की कसौटी पै, जो खरो-खरो उतरी है,
बुद्धि की अधिष्ठात्री, तू ही सूत्रधार है।
शून्य को अनंत करि, छंद की उमंग भरि,
सोती जो चेतना, जगावत झंकार है॥
हंस की सवारी साजे, मंद-मंद मुसक्याँहि,
कवि-कुल-मंडनी, तू ही माँ आधार है।
हाथ जोड़ि शीश नाय, विनती करत भक्त,
खोलि देहु ज्ञान-कोष, विनती हमार है॥
_____________&&&_&&&______&___

॥ सरस्वती वंदना ॥
(मुखड़ा)
हे शारदे माँ! अज्ञानता का, घोर तम हर लीजिये,
सत्यम्-शिवम्-सुन्दरम से, कंठ को भर दीजिये।
हे शारदे माँ! अज्ञानता का, घोर तम हर लीजिये॥
(अंतरा - 1)
वीणा की झंकार से, सोई चेतना को जगा,
शब्दाक्षरों की जोत से, सोये हुए भाग्यो को जगा।
अमृतमयी माँ! ज्ञान की, अविरल धारा कर दीजिये,
हे शारदे माँ! अज्ञानता का, घोर तम हर लीजिये॥
(अंतरा - 2)
साहित्य के इस मंच पर, सुर-ताल का वरदान दे,
हर लेखनी को ओज दे, हर शब्द को सम्मान दे।
जड़ बुद्धि को चैतन्य कर, माँ! दिव्य दृष्टि दीजिये,
हे शारदे माँ! अज्ञानता का, घोर तम हर लीजिये॥
___________---------------++______________

"शब्द-ब्रह्म की साधना, सिद्ध करौ माँ आय।
कवि के कोमल हृदय में, बसौ शारदे माय॥"



"अंधेरे दिल के कोनों में, उजाला आप भर देना,
मरी जो भावनाएं हैं, उन्हें जीवित ही कर देना।
खड़ा हूँ द्वार पर माँ! हाथ में कागज कलम लेकर,
अधूरी रह न जाए बात, पूरी आप कर देना॥"

अँधेरे मन के कोनों में, उजाला भर दिया जाए,
जड़त की शुष्क धारा को, रसीला कर दिया जाए।
खड़ा हूँ द्वार पर माँ! रिक्त अंजलि ले के श्रद्धा की,
मेरे शब्दों के प्याले को, अमृत से भर दिया जाए॥

कलम की धार को माँ! सत्य की तलवार कर देना,
जगत के हर अँधेरे पर, कड़ा प्रहार कर देना।
झुकी जो गर्दनें अन्याय के आगे, उन्हें बल दे,
मेरी हर एक रचना को, सु-संस्कार कर देना॥

सृजन की इस इबादत को, मुकम्मल मोड़ दे देना,
मेरे बिखरे हुए लफ़्ज़ों को, डोरी जोड़ दे देना।
न झुकने पाए ये गर्दन, किसी भी स्वार्थ के आगे,
मेरी इस लेखनी को माँ! गजब का मरोड़ दे देना॥

मिले जो शब्द माँ! तुझसे, वो अनमोल रत्न हो जाएँ,
कि अज्ञानी जनों के चित्त भी, चैतन्य हो जाएँ।
बहे रसधार ऐसी मंच पर, तेरी कृपा से माँ,
कि सुनने वाले सारे लोग भी, धन्य हो जाएँ॥

सत्य की मशाल को, माँ! प्रज्ज्वलित कर दीजिये,
मेरी हर एक पंक्ति को, माँ! कल्पतरु कर दीजिये।
न लिखूँ मैं कभी भी, चाटुकारी का कोई शब्द,
मेरी इस लेखनी को, माँ! अडिग कर दीजिये॥

कंठ में विराजिए माँ! रागिनी बन जाइये,
शब्द की साधना में माँ! मोहिनी बन जाइये।
झूम उठे ये सदन, सुन के कवि की वेदना,
मेरे गीतों के सुरों की, स्वामिनी बन जाइये॥

"अंधेरों से लड़ने का, हुनर माँ से मिला है,
ये जो महक रहा है चमन, दुआ माँ से मिला है।
मैं जो कुछ भी कहूँगा, वो शब्द माँ के होंगे,
मुझे जो कुछ भी मिला है, वो माँ से मिला है॥"

न गीदड़ की भभकियों से, ये शेर कभी डरते हैं,
न संकट के पहाड़ों से, कदम पीछे को धरते हैं।
लिखी जाती है गाथाएँ, सदा बलिदान की स्याही,
वही तो शूरमा हैं जो, वतन की आन पे मरते हैं॥

धमनियों में रक्त नहीं, माँ का प्यार बहता है,
हृदय में बस वतन का, एक विचार रहता है।
मिटा देंगे धरा से हम, अधर्मों की हर एक छाया,
कि हर इक भारतीय में, अब साक्षात काल रहता है॥

1. शत्रुओं का संहार और कलम की शक्ति:
सिंह की दहाड़ जैसी, वाणी में हुंकार देहु,
दुष्टों के दलन हेतु, चण्डिका की धार है।
अक्षरों के बाण छूटें, तर्क के कमान सों माँ,
कायरों की भीड़ माँहि, मची हाहाकार है॥
काट दे अधर्म शीश, सत्य की कृपाण धरि,
राष्ट्र के कपूतन को, दीजै तू दुलार है।
लिखूँ जो लहू सों गाथा, अमर शहीद की मैं,
गूँज उठै दशों डगर, ऐसी ललकार है॥
2. राष्ट्र-भक्ति का शंखनाद:
मस्तक पै भाल सोहै, देश की मशाल हाथ,
लेखनी सों क्रांति ज्वाला, बारती अपार है।
सोती जो जवानी ओहि, झिंझोड़ि जगाय देहु,
रण के नगाड़ों जैसी, गूँजती पुकार है॥
काँप उठैं थर-थर, पापी औ’ अधर्मी सब,
शारदे भवानी! तेरे, शब्दों की ये मार है।
वीर-रस-धार बहै, रग-रग माँहिं आज,
मातृ-भूमि हेतु देह, करूँ मैं निसार है॥

-____________________________
1. सौंदर्य और माधुर्य का चित्रण:
कुंद के सुमन जैसे, कोमल कपोल सोहैं,
अंग-अंग आभा मानों, बिजुरी की धार है।
चाँदनी की ओढ़नी माँ, धवल धारैं देह पर,
मंद-मंद हास माहिं, बसत बहार है॥
मृग नैनी शारदे माँ! मोहनी मूरत तोरी,
प्रेम की पीयूष-वृष्टि, करत उद्धार है।
शून्य मन-उपवन, महक उठै पुष्प सम,
पावन सुवास सों माँ! महकत संसार है॥
2. रस, ताल और संगीत का संगम:
वीणा की तरंगन में, सात सुर जागत हैं,
ताल और छंद माहिं, प्रेम को अभिसार है।
कोकिला की कूक जैसी, मिठास घोलि देहु माँ,
गीत-काव्य-कुंज माँहि, सुरीली झंकार है॥
भीगे हुए भाव जगें, हृदय की पीर मिटै,
शब्द के श्रृंगार सों माँ! कीन्हों श्रृंगार है।
रस के कलश ढोरि, सींचि देहु प्राण मेरे,
तव रूप देखि-देखि, भयो बेड़ा पार है॥

_____________________________
कलम को तलवार बनाने का संकल्प:
नमन है शारदे तुमको, हृदय में जोश भर देना,
मेरी हर एक पंक्ति को, माँ! अंगारा कर देना।
लिखूँ मैं जब वतन की आन पर कोई भी कविता तो,
बुजदिल के भी हाथों में, माँ! तलवार धर देना॥
2. राष्ट्र के प्रति समर्पण:
भले ही प्राण जाएँ पर, न झुकने पाए ये मस्तक,
मेरे शब्दों की गूँजें माँ! गगन के पार हों दस्तक।
जगा दूँ सोई सोई चेतना, इस देश की पूरी,
बना देना मुझे माँ! राष्ट्र-वेदी का अमर रक्षक॥

__&_&&&&&&&_&_&_&_&_&__&_&_&&
1. प्रेम और सौंदर्य का वरदान:
हृदय के सूने आँगन में, माँ! चंदन घोल देना तुम,
मेरे शब्दों की वाणी में, शहद भी घोल देना तुम।
मिले जब दृष्टि तो माँ! हर तरफ बस प्यार ही दिखे,
जहाँ नफरत की दीवारें, वो जड़ से छील देना तुम॥
2. रस और माधुर्य की याचना:
विराजो कंठ में आकर, मधुर झंकार बन करके,
बरस जाओ धरा पर माँ! प्रेम की धार बन करके।
सजे यह मंच गीतों से, सजे यह काव्य रश्मि से,
मेरे हर शब्द को माँ! रूप का श्रृंगार देना तुम॥

Saturday, February 14, 2026

शिव वंदना

         ॥ शिव-स्तुति ॥

जटाजूट सघन में, सोहै गंगधार शुभ,
गले बिराजै भुजंग, हार जो विकराल है

डम-डम डमरू की, गूँज उठै दशों दिश,
ताण्डव रचत शिव, नाम महाकाल है॥

भाल बाल-चन्द्र सोहै, मन्द-मन्द मुसक्याँहि,
तीजी आँख बीच जागै, अग्नि की कराल है।

लहरें अपार उठैं, पावन सुरसरी बीच,
काटत हैं काल शिव, रूप अ्ति-विशाल है॥

हिमालय-लाड़ली को, मन जो सदैव मोहैं,
करुणा की धार बहै, मेटैं पीर-जाल है।

सोहैं दिगम्बर वेश, ओढ़ें गज-खाल भारी,
भजौं भव्-भीरु भंजन, नटराज-हाल है॥

नीलकण्ठ विषधारी, कामदेव के विनाशी,
त्रिपुर के नाशक जो, जग के अधार है।

धूल और रत्न माहिं, राखत जो सम-दृष्टि,
मुक्ति के प्रदाता शिव, करत उद्धार है॥

          © खेमेश्वर पुरी गोस्वामी ®
      मुंगेली छत्तीसगढ़,८१२००३२८३४

शिव तांडव - शिव स्तुति : अनुवादित रचना - गृहावधूत खेमेश्वर पुरी

॥॥ श्री शिव स्तुति : अनुवादित रचना॥॥
----------------------------------------------------

जटा-जाल बीच खेलैं, देवनदी गंग-धार,
गले बीच सोहै हार, नाग विकराल है।

डम-डम डम-डम, डमरू की गूँज उठै,
चण्ड ताण्डव को ठानैं, शिव महाकाल है ॥१॥


जटा के कटाह बीच, गंगा लहरैयाँ लेत,
मस्तक पै चन्द्र सोहै, मन्द मुसकाय है।

धक्-धक् धक्-धक्, अग्नि भाल बीच जरै,
ऐसो रूप महादेव, मन को लुभाय है ॥२॥

गिरिराज-नन्दिनी के, सुख के निधान शिव,
कृपा की कटाक्ष-धार, मेटैं सब पीर को।

अम्बर ही चीर निज, मन में प्रमोद भरैं,
भजौं विश्वनाथ देव, तजौं भव-भीर को ॥३॥

फण की मणिन आभा, दिशा-मुख लाल करें,
कुंकुम की धार जैसे, अंग पै अनूप है।

गज-चर्म ओढ़ैं प्रभु, मद से भरे जो सदा,
भूतनाथ शिव जी को, अचरज रूप है ॥४॥

इन्द्र आदि देव-वृन्द, झुकावें जो शीश सदा,
चरणों की धूलि पावन, मस्तक पे सोहती।

नागराज हार बाँधे, जटा-जूट पे बिराजैं,
चन्द्र की चकोर-कला, सबके मन मोहती ॥५॥

भाल-पट्ट बीच जरै, अग्नि की प्रचण्ड धार,
काम-देव भस्म कियो, जाकी तेज-जाल ने।

इन्द्र हूँ नमावैं शीश, सिद्ध मुनि नमन करें,
सुधा-धार धारी शीश, जटा के गुलाल ने ॥६॥

धग-धग धग-धग, अग्नि भाल पे धधकै,
आहुति बनी है काम, मदन के बाण की।

पार्वती के कुच-अग्र, चित्र-कला रचने में,
कुशल जो शिल्पी शिव, शोभा उन प्राण की ॥७॥

नवीन जो मेघ-माला, श्याम कण्ठ बीच बसै,
अमावस रात जैसी, काली छटा छाई है।

गंगा-धर गजासुर, मारि के जो शान्त भये,
जग के अधार शिव, शोभा सुखदाई है ॥८॥

नील-पद्म पुंज सम, कण्ठ की सु-आभा फैलै,
काम और त्रिपुरा के, जो विनाशी देव हैं।

दक्ष-यज्ञ नाश कियो, अन्तक को मारि दीन्हो,
भजौं भव-भय-हारी, जो अखण्ड देव हैं ॥९॥

मंगला की सर्व-कला, मंजरी के रस-सिक्त,
भँवरे समान शिव, रस-पान ठाने हैं।

यमराज-काल और, काम-देव-हारी विभु,
अन्तक के अन्तक को, जग ने बखाने हैं ॥१०॥

फुँकारत नाग-राज, भाल-अग्नि को जगावैं,
धीमि-धीमि मृदंग की, बाज रही ताल है।

प्रचण्ड जो ताण्डव को, करत जो शम्भु आज,
मंगल ही मंगल को, करत कपाल है ॥११॥

सर्प-हार रत्न-माला, मिट्टी और स्वर्ण-टूक,
शत्रु-मित्र तृण-चक्षु, एक सम मानहीं।

प्रजा और चक्रवर्ती, सम-दृष्टि राखें सदा,
कदा भजौं सदाशिव, जो भेद न जानहीं ॥१२॥

गंग-तट कुंज-बीच, वास मैं करूँगो कब,
हाथ जोड़ि शीश-पर, मन्त्र शिव गावहूँ।

चंचल जो नैन त्यागि, भाल-चन्द्र ध्यान धरि,
परम सुखी मैं होइ, शिव-पद पावहूँ ॥१३॥

नित्य जो पढे़गा नर, स्तोत्र सुख-कारी यह,
शुद्धि पावै तन-मन, शिव-भक्ति पायगा।

मोह-जाल काटि प्रभु, मुक्ति के प्रदाता सदा,
शम्भु की शरण जाइ, परम गति पायगा ॥॥


           © खेमेश्वर पुरी गोस्वामी ®
      मुंगेली, छत्तीसगढ़ - ८१२००३२८३४


महाशिवरात्रि महापर्व पर विशेष हार्दिक शुभकामनाएं,सादर ॐ नमो नारायण 🚩हर हर महादेव,जय सनातन 🚩

Friday, February 13, 2026

अमर बलिदान को नमन

॥ अमर बलिदान को नमन ॥

मातृ-सेवा हित जिये, राष्ट्र-प्रेम रंग रँगे,
प्राणों की समिधा देके, अमर वो हो गए।

वीरता की गाथा लिख, गगन को चूम लिया,
भारत के मान हेतु, चंदन से सो गए।।

पर्वत सा साहस था, सिंधु सा विशाल हृदय,
कर्तव्य की राह पर, पुष्प बन खो गए।

याद रखेगा जहाँ, उनकी शहादत को,
अमर तिरंगे बीच, ज्योति बन बो गए।।

          © खेमेश्वर पुरी गोस्वामी ®
    मुंगेली, छत्तीसगढ़ ८१२००३२८३४

बरखा आई, मस्ती लाई! बाल कविता

बरखा आई, मस्ती लाई! तप-तप तपती गरमी भागी, देखो झूम के बरखा आई। काले-काले बादल छाए, अपने संग फुहारें लाए। छत पर भागे चिंटू-मीना, अब नहीं भाई ...